उत्तरकाशी, चंपावत, बागेश्वर में पारा शून्य डिग्री के आसपास बना हुआ है। राजधानी दून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर के मैदानी इलाकों में भी भीषण ठंड हो रही है। यहां तापमान तीन डिग्री से कम ही बना हुआ है।
प्रदेश के ज्यादातर ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और हल्की बारिश के कारण नए साल से पहले ठंडक और गलन बहुत ज्यादा बढ़ गई है। बहरहाल तापमान में कमी के चलते पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। लगभग सभी इलाकों में ठंड के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
मौसम केंद्र के अनुसार शनिवार को हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर समेत सभी मैदानी क्षेत्रों में कोहरा बढ़ने का अनुमान है। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में पाला बढ़ने की भी संभावना जताई गई है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि ज्यादातर स्थानों पर बादल छाए रहेंगे।
स्थान न्यूनतम तापमान (डिग्री में)
देहरादून 2.8
पंतनगर -0.2
मुक्तेश्वर -4.5
नई टिहरी -1.2
उत्तरकाशी 00
चमोली -2
मसूरी -1
टिहरी -1
अल्मोड़ा -5
पिथौरागढ़ -1
नैनीताल 2.8
चंपावत 00
हरिद्वार 02
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 29 और 30 दिसंबर को उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों विशेषकर ऊधमसिंह नगर में मध्यम से घना कोहरा छा सकता है।
उधर ठंड के चलते टनकपुर तथा बनबसा के मैदानी इलाकों को छोड़कर चंपावत जिले में सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को 31 दिसंबर से 4 जनवरी कर अवकाश घोषित कर दिया गया है। इस संबंध में जिलाधिकारी एसएन पांडेय ने आदेश जारी कर दिए हैं।