हर विभाग की समीक्षा करेंगे सीएम धामी
सीएम पुष्कर सिंह धामी अब प्रत्येक विभाग की समीक्षा करेंगे। बैठक में वे संबंधित विभाग की योजनाएं, उनका क्रियान्वयन, आगामी योजनाएं और उनके क्रियान्वयन के पैटर्न के साथ ही पूर्व की बैठक के निर्देशों की भी समीक्षा करेंगे। हर विभाग से 10 बिंदुओं पर उनकी कार्ययोजना मांगी जाएगी। इसके अलावा, हरिद्वार, देहरादून, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिलों की अलग से समीक्षा करेंगे।
नई परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार
दून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे बनने पर यातायात व्यवस्था को लेकर प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जानी है। सीएम देहरादून में रिंग रोड व अन्य ट्रैफिक परियोजनाओं की प्रगति जानेंगे। उनके लिए निर्देश देंगे। मसूरी, देहरादून, कैंचीधाम, जागेश्वर धाम में यातायात सुगम बनाने को कार्ययोजना पर निर्देश देंगे। इसके अलावा वैश्विक निवेशक सम्मेलन में हुए एमओयू में से जो धरातल पर नहीं उतरे हैं, उनके लिए नामित संस्थाओं वीके स्पाइसेज व यूआईआईडीबी की भी समीक्षा करेंगे।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand News: आज एनडीए की बैठक में शामिल होंगे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, दिल्ली पहुंचे
हवाई सेवाएं दोबारा शुरू होंगी
आचार संहिता खत्म होने के साथ ही अब दिल्ली से पिथौरागढ़, पंतनगर से चंपावत, पिथौरागढ़ से मुनस्यारी के लिए पूर्व में लागू की गई हवाई सेवाओं को दोबारा शुरू किया जाएगा। आदि कैलाश व जागेश्वर धाम में आधारभूत सुविधाओं के लिए कार्ययोजना बनेगी। प्रदेश में बन रही टनल, रेल परियोजना, एक्सप्रेस-वे व ऑल वैदर रोड की भी समीक्षा होगी, ताकि यह परियोजनाएं जल्द पूरी हों।