राजपुर रोड स्थित चैतन्य एकेडमी में रविवार को अभिभावकों ने हंगामा किया। आरोप है कि संस्थान की ओर से अचानक सेंटर बंद करने की तैयारी की जा रही है, जिससे बच्चों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। अभिभावकों ने संचालकों पर करीब 80 लाख रुपये का गबन करने का आरोप लगाया है। कक्षा 9 से 12 तक के छात्र यहां पढ़ाई कर रहे थे।
अभिभावकों का कहना है कि करीब 15 दिन पहले ही लगभग 80 छात्रों का नया बैच शुरू किया गया था और उनसे करीब 80 लाख रुपये फीस के रूप में वसूले गए। अब अचानक स्टाफ को हटाया जा रहा है और सेंटर बंद करने की बात सामने आ रही है, जिससे अभिभावकों में आक्रोश है।
मौके पर मौजूद अभिभावक जतिन सडाना, मनीष अरोरा और हेमा सिंह ने कहा कि बिना पूर्व सूचना और अभिभावकों को विश्वास में लिए सेंटर बंद करना पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने बताया कि सभी अभिभावकों ने तय फीस अग्रिम रूप से कंपनी के खाते में जमा कराई है। अभिभावकों ने यह भी बताया कि सेंटर संचालक, नॉर्थ रीजनल हेड और ऑपरेशन हेड से बात की गई है, जिन्होंने सोमवार को बैठक कर समस्या का समाधान निकालने का आश्वासन दिया है। वहीं, कई अभिभावकों ने बच्चों के आने-जाने के लिए ऑटो का किराया भी अग्रिम में जमा कराया है। अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी जमा राशि वापस नहीं की गई या किसी प्रकार की धोखाधड़ी हुई तो वे कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएंगे। इस मामले में सेंटर हेड स्वाती सिंह से बात की गई तो उन्होंने कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। बताया कि सोमवार को प्रबंधन से जुड़े लोग देहरादून पहुंचेंगे वही आधिकारिक बयान देंगे।