राज्य के एकमात्र चमोली जिला पंचायत को दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तीकरण पुरस्कार मिला है। सोमवार को लखनऊ के अंबेडकर स्टेडियम में केंद्रीय पंचायत राज मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर एवं यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें पुरस्कृत किया।
चमोली की जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नी देवी शाह को 50 लाख रुपये की धनराशि और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया। उन्हें यह सम्मान वर्ष 2015-16 के लिए दिया गया।
अगस्त 2014 में मुन्नी देवी शाह ने चमोली जिला पंचायत अध्यक्ष की कमान संभाली थी। इसके बाद उन्होंने आपदा प्रभावित जिले के गांवों में जन सुविधाओं को जुटाने का काम शुरू कर दिया था।
उन्होंने पैदल पुल, रास्ते और जिला पंचायत की राजस्व वृद्धि के लिए बेहतरीन काम किया जिसके लिए चमोली जिला पंचायत को यह पुरस्कार मिला। जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नी देवी शाह का कहना है कि यह जिला पंचायत की टीम के सामूहिक प्रयास का प्रतिफल है कि यह सम्मान मिला। इनाम स्वरूप मिली धनराशि को विकास के कार्यों में लगाया जाएगा।