लंबे समय से बीमार चल रहे थराली से भाजपा विधायक मगनलाल शाह का रविवार रात 10 बजकर 25 मिनट पर निधन हो गया। सोमवार को मुख्यमंत्री भाजपा विधायक को श्रद्धाजंलि देने कर्णप्रयाग जाएंगे।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सुबह साढ़े नौ बजे देहरादून से कर्णप्रयाग के लिए रवाना होंगे। विधायक का पार्थिव शरीर सुबह 6 बजे कर्णप्रयाग स्थित आवास पहुंचा। दोपहर 12 बजे कर्णप्रयाग के अलकनंदा और पिन्डर के संगम पर अन्तिम संस्कार किया जाएगा। विधायक के निधन के बाद से कर्णप्रयाग से लेकर थराली के सभी बाजार शोक में बंद हैं। कर्णप्रयाग स्थित आवास पर प्रशासन और समर्थकों की भीड़ जुटी है।
भाजपा विधायक मगनलाल शाह काफी समय से हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में आईसीयू में भर्ती थे। उनके निधन पर मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, मंत्रियों और विधायकों समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने शोक जताया है।