भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने शनिवार को नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर नड्डा से मंत्र लिया। भट्ट के मुताबिक, उनके नेतृत्व में बनाई जाने वाली नई टीम के स्वरूप पर भी चर्चा हुई। उन्होंने हरिद्वार जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों के बारे में राष्ट्रीय जानकारी दी।
भट्ट ने प्रदेश अध्यक्ष जिम्मेदारी सौंपने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। भट्ट के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष राज्य के राजनीतिक और सांगठनिक मुद्दों पर चर्चा हुई और उनसे मार्गदर्शन लिया। भट्ट ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व से मार्गदर्शन प्राप्त होने के बाद वह जिलों के प्रवास पर निकलेंगे। इस दौरान वह कार्यकर्ताओं के बीच जाकर उनका उत्साह बढ़ाएंगे। नई टीम का स्वरूप तय करने के लिए वह कार्यकर्ताओं से भी फीडबैक लेंगे। इसके बाद केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा के बाद टीम घोषित कर दी जाएगी।
भट्ट और बलूनी से भी की शिष्टाचार भेंट
अपने पहले दिल्ली दौरे के दूसरे दिन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कई अन्य केंद्रीय नेताओं से भी मुलाकात की। उन्होंने अस्वस्थ चल रहे पार्टी के वरिष्ठ नेता राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राज्यसभा सांसद ओम माथुर की कुशलक्षेम पूछी और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी व सांसद अनिल बलूनी, सांसद अजय टम्टा, डॉ. अनिल जैन से भी उन्होंने शिष्टाचार भेंट की और राजनीतिक विषयों पर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।