बीजेपी मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ा हुआ है। माइक से जिस कार्यकर्ता का नाम पुकारा जा रहा है, वह सामने आकर सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के सामने अपनी समस्या रख रहा है। एक बुजुर्ग को देखकर सीएम अभिवादन करते हैं।
गौर से शिकायत सुनते हैं और फिर डीएम को फोन लगवाते हैं। उधर, से गुड मार्निंग सर कहता हुआ डीएम का स्वर सुनाई देता है, तो जवाब में सीएम सीधे ये पूछ बैठते हैं कि आप इस वक्त कहां हैं। डीएम लोकेशन ऑफिस की बताते हैं, तो सीएम बात आगे बढ़ाते हैं।
कहते हैं-डीएम साहब! मैं आपके पास बचन सिंह नेगी जी को भेज रहा हूं। ये पूर्व सैनिक हैं। पूर्व सैनिकों का खास ख्याल रखना हैं। इनकी जो भी समस्या है, उस पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।
सीएम बनने के बाद ये दूसरा मौका था, जबकि कार्यकर्ताओं के बीच त्रिवेंद्र सिंह रावत पहुंचे थे। सोमवार से कार्यकर्ताओं के बीच महीने में दो बार पहुंचने की उन्होंने शुरूआत कर दी है।
उनके साथ मंच पर प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट भी पूरे समय मौजूद रहे। सीएम के सामने समस्या रखने के लिए सुबह आठ बजे से रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया था।
सीएम के स्तर पर समस्याओं की सुनवाई शुरू हो जाने के बाद तक भी रजिस्ट्रेशन होते रहे। एक-एक करके नाम पुकारा जाता रहा और कार्यकर्ता आते रहे। सीएम सारे कागजों पर निर्देश उकेरते रहे।