अदरक खरीद में अनियमितता के आरोप में उद्यान निदेशक आईए खान को निलंबित कर दिया गया है। मंगलवार को उद्यान मंत्री हरक सिंह ने इसके आदेश दिए थे। बुधवार को देर शाम मुख्यमंत्री हरीश रावत के अनुमोदन के बाद शासन ने भी निलंबन का आदेश जारी कर दिया है।
इस मामले की विस्तृत जांच प्रमुख सचिव वन रणवीर सिंह को सौंपी गई है। हार्टिकल्चर मिशन के निदेशक बीएस नेगी को अग्रिम आदेश तक उद्यान निदेशक का जिम्मा सौंप गया है।
2014-15 में अदरक बीज खरीद में आईए खान पर अनियमितता का आरोप लगा था। प्रारंभिक जांच में इस आरोप की पुष्टि भी हुई थी। मंगलवार को उद्यान मंत्री हरक सिंह के आदेश पर आईए खान को निलंबित कर दिया गया। हालांकि खान का कहना था कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।
बुधवार को यह मामला मुख्यमंत्री हरीश रावत तक पहुंचा। देर शाम मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उद्यान निदेशक को निलंबित करने की फाइल को अनुमोदित कर दिया।