पिथौरागढ़ और चमोली जिले में भारी वर्षा और भूस्खलन में मारे गए लोगों के प्रति मुख्यमंत्री हरीश रावत ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। इसके साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने दोनों ही जिलों के जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों का त्वरित और बेहतर उपचार कराया जाए।
दोनों मंडलों के आयुक्तों से कहा कि वे प्रभावित क्षेत्रों में कैंप कर राहत एवं बचाव कार्यों की मानीटरिंग करें और प्रभावितों को मुआवजा देने संबंधी कार्रवाई भी तत्काल शुरू की जाए।
एसडीआरएफ को भेजने के निर्देश
इन क्षेत्रों में एसडीआरएफ को तत्काल रवाना किया जाए, जो राहत एवं बचाव कार्यों में जिला प्रशासन को सहयोग करेगा। इसके साथ ही प्रभावितों की सहायता के लिए हेलीकॉप्टर भी उपलब्ध कराये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को यह भी निर्देश दिए हैं कि आपदा की घटनाओं की जानकारी मुख्य सचिव को लगातार उपलब्ध कराएं।
प्रभावित क्षेत्रों में खाद्यान्न सामग्री की पूरी व्यवस्था की जाए। बंद रास्तों को तत्परता से खोला जाए। बाधित बिजली, पानी की सुविधाएं यथाशीघ्र बहाल की जाएं। साथ ही नदियों के किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।