चंपावत जिले में पाटी विकासखंड के दूरस्थ क्षेत्र मछियाड़ में बादल फटने से व्यापक तबाही मची है। बादल फटने से मछियाड़ गांव का भूगोल ही बदल गया है। रविवार की देर शाम हुई इस तबाही में किसी तरह की जनहानि या पशुहानि नहीं हुई है। गांव को जोड़ने वाले संपर्क मार्गों के साथ ही सिंचाई गूलें और पेयजल योजनाएं ध्वस्त हो गई हैं।
ग्राम पंचायत के 12 से अधिक आवासीय भवन खतरे की जद में आ गए हैं। इन घरों के आंगन भूस्खलन की भेंट चढ़ गए हैं। यदि जल्द ही सुरक्षात्मक उपाय नहीं किए गए तो यह आवासीय भवन कभी भी बरसात होने पर भूस्खलन की चपेट में आ सकते हैं। क्षेत्र में बागवानी के साथ ही फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है।
ग्राम प्रधान मोहन सिंह बगौटी के अनुसार रविवार की रात बादल फटने से गांव में तबाही मची है। सोमवार सुबह जब ग्रामीणों ने देखा तो गांव का नक्शा ही बदला हुआ था। उन्होंने तत्काल घटना की जानकारी पाटी तहसील और जिला कार्यालय के आपदा कंट्रोल रूम को दी।