पिथौरागढ़ में एक बार फिर से बादल फटने की खबर है। सिमकोला में मांगती नाले के पास बादल फटने से 40 परिवार फंस गए। जिन्हें निकाल लिया गया है। घायलों को अस्पताल में पहुंचाया गया है। स्थानीय विधायक हरीश धामी की टीम ने राहत सामग्री मौके पर पहुंचाई है।
हादसे में एक घायल युवक सुशील तिवारी को हल्द्वानी गौलापार हेलिकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया गया है। केएमवीएन के जीएम धीरज गार्बयाल, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय और एसडीएम एपी बाजपेई मौके पर पहुंचे हैं।
आपको बता दें कि धारचूला तहसील के मालपा और मांगती में रविवार की रात करीब 2.30 बजे बादल फटने के कारण भारी तबाही मच गई। मंगलवार की सुबह को राहत एवं बचाव कार्य शुरु किया गया। अभी तक पांच शव मिल चुके हैं। अभी तलाश जारी है।
मुख्य विकास अधिकारी आशीष कुमार चौहान के नेतृत्व में घटना स्थल पर रेस्क्यू चलाया गया। लापता लोगों की तलाश में रेस्क्यू अभियान सेना, पुलिस, आईटीबीपी, एसएसबी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफकी टीम जुटी हैं। वहीं राजस्व टीम भी मौके पर मौजूद है।