कोरोना काल में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस बार 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा को रद्द किया गया था। ऐसे में परीक्षा परिणाम और नंबरों को लेकर छात्रों को बेसब्री से इंतजार था। राजपुर रोड स्थित सेंट जोजेफ्स एकेडमी में अपने अभिभावकों के साथ जश्न मनाने आए बच्चों ने कहा कि सुबह से ही बोर्ड परिणाम का इंतजार था।
दोपहर तीन बजते ही ऑनलाइन रिजल्ट देखा तो खुशी का ठिकाना न रहा और जश्न मनाने के लिए वह अभिभावकों के संग स्कूल पहुंच गए। हालांकि स्कूल में कम बच्चों के पहुंचने से बोर्ड रिजल्ट का जश्न फीका रहा। शिक्षकों ने भी बच्चों को मोबाइल के माध्यम से ही शुभकामनाएं दी। शहर के करीब 50 से अधिक स्कूल बोर्ड से संबंद्ध हैं।
सीआईएससीई की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी अधिसूचना के मुताबिक कक्षा 10वीं और 12वीं का परिणाम 24 जुलाई, 2021 यानी आज दोपहर तीन बजे घोषित किया गया। देश भर में कोविड-19 मामलों में वृद्धि के कारण 10 मई से 8 जून तक आयोजित होने वाली कक्षा 10वीं की परीक्षा को बोर्ड द्वारा रद्द कर दिया गया था।
कक्षा 12वीं के लिए सीआईएससीई परिणाम 2021 का मूल्यांकन 60:40 फॉर्मूले के आधार पर किया गया है। जहां कक्षा 11वीं के 60 फीसदी, कक्षा 12वीं के 30 फीसदी और कक्षा 10वीं के 10 फीसदी अंक लिए गए हैं। परीक्षा आयोजित नहीं होने के कारण उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच नहीं होगी। हालांकि, परिषद ने गणना त्रुटियों के सुधार के लिए एक विवाद समाधान तंत्र विकसित किया है।
10वी और 12वीं का रिजल्ट जारी होने के बाद बहुत से छात्र अपने दोस्तों से करीब डेढ़ साल बाद मिले। देहरादून के कुछ स्कूलों में पास होने का जश्न मनाने आए छात्रों ने कहा कि कोरोना काल के चलते दोस्तों से मिलना नहीं हो रहा है।
कॉन्वेंट रोड स्थित सीजेएम स्कूल और सेंट जोजेफ्स स्कूल में आए छात्रों ने कहा कि लंबे समय बाद दोस्तों से मिलकर पास होने की खुशी दोगुनी हो गई है। इस बीच बच्चों ने ऑनलाइन पढ़ाई और अपनी दिनचर्चा के अनुभव भी एक दूसरे से साझा किए। साथ ही जमकर सेल्फी भी ली।
परिणाम से नाखुश बच्चे अपनाएंगे मूल्यांकन का विकल्प
काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) की ओर से जारी आईसीएसई 10वीं और आईएससी 12वीं के परिणाम से कुछ बच्चे नाखुश हुए। ऐसे में वह बच्चे फिर से मूल्यांकन कराने का रास्ता ढूंढ रहे हैं। छात्रों के अनुसार पिछली कक्षा से भी कम नंबर आने से उनका रिजल्ट खराब हो गया है।
परिणाम से नाखुश हुए कुछ बच्चे शनिवार को स्कूल पहुंचे और फिर से मूल्यांकन कराने की मांग की। राजपुर रोड स्थित सेंट जोजेफ्स स्कूल आए 12वीं के छात्र दीपज्योत ने कहा कि 12वीं में उनके 76.75 फीसदी ही अंक आए। जबकि 10वीं में 92.6 प्रतिशत अंक आए थे। इस बार पिछली कक्षा के आधार पर रिजल्ट बनाया गया है तो कम नंबर आने का सवाल ही पैदा नहीं होता।
मूल्यांकन सही न होने से उनका 12वीं के बोर्ड का रिजल्ट खराब हो गया है। दीपज्योत ने कहा कि दूसरे स्कूल के भी उनके कुछ दोस्तों के साथ ऐसा ही हुआ है। ऐसे में हम सब स्कूल प्रबंधन से मिल एक बार फिर मूल्यांकन कराने की मांग करेंगे।
काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) की बोर्ड परीक्षा में कैंब्रियन हाल स्कूल के बच्चों ने परचम लहराया। 12वीं कक्षा के विज्ञान वर्ग में अंशुमन डंगवाल और प्रतीक सिंघल ने 97 प्रतिशत अंक के साथ पहना स्थान प्राप्त किया।
अभय सेमवाल और अनुदित्या मिश्रा ने 96.25 फीसदी अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। अभयवीर यादव और दीपिका गुरुरानी ने 96 फीसदी अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।अभिषेक भंडारी ने 96 फीसदी, अग्रणी राना 96 फीसदी अंक प्राप्त किए। ह्यूमैनिटीज वर्ग में निष्ठा उनियाल ने 94.75 फीसदी अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया।
जबकि वाणिज्य वर्ग में सिमरन कौर ने 97 फीसदी अंक हासिल कर पहला स्थान हासिल किया। 10वीं में विज्ञान वर्ग में धर्ममिष्ठा मल्हान ने 97 फीसदी अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। अनिश कालरा 96.8 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। वाणिज्य वर्ग में युविका गुरुंग ने 95.8 प्रतिशत अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया।
तनवी, अभिषेक और आकृति ने किया टॉप
दून कैंब्रिज स्कूल में कक्षा 10वीं के विज्ञान वर्ग में तनवी सिलोरा ने 90 प्रतिशत, 12वीं के विज्ञान वर्ग में अभिषेक ठाकुरी ने 90 फीसदी अंक और वाणिज्य वर्ग में आकृति घिल्डियाल ने 92.5 फीसदी अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। प्रिंसिपल एचके छाबरा ने छात्रों को शुभकामनाएं दीं।
स्मृति सिंह ने हासिल किए 97.50 प्रतिशत अंक
मसूरी वाइनबर्ग एलन स्कूल की आईएससी 12वीं की छात्रा स्मृति सिंह ने 97.50 प्रतिशत, उपासना गुनसोला ने 96.75 और उदिता नारु ने 94.24 प्रतिशत अंक हासिल किए। मसूरी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य अमित जुगरान ने बताया कि 10वीं में अंजलि पंवार ने 90.8, 12वीं में श्रद्वेय नौडियाल ने 91.50, विकास आगरी ने 90.75, रजाक सैफी ने 90.25 प्रतिशत अंक हासिल किए।
वाइनवर्ग एलन स्कूल के 10वीं में अंशू गुप्ता ने 96.40, प्रभनूर कौर साहनी ने 96.40, देवयानी विजयवर्गीय ने 94.80, किंजल ने 94.80 फीसदी अंक हासिल किए। वहीं, गुरुनानक फिफ्थ सेंटेनरी स्कूल के प्रशासनिक अधिकारी सुनील बख्शी ने बताया कि 12वाीं की छात्रा सचीईल ने 97, अनन्या ने 95 और जीनीत ने 94.5 फीसदी अंक हासिल किए। 10वीं की छात्रा शिप्रा ने 95, श्रेया नेगी ने 93.2 फीसदी अंक हासिल किए।