देहरादून। जिले के बाल संरक्षण गृहों और अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं में रहने वाले बालक-बालिकाओं के आधार कार्ड बनवाने के साथ ही उनके बैंक खाते भी खुलवाए जाएंगे। इस संबंध में मंगलवार को जिलाधिकारी सी रविशंकर ने जिला टास्क फोर्स के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने टास्क फोर्स के अधिकारियों से कहा कि बच्चों की रोस्टरवार काउंसिलिंग कराई जाए और उनका स्कूलों में प्रवेश कराने के लिए प्रयास किया जाए। साथ ही सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से 1098 हेल्पलाइन का डिस्प्ले कराने, पैरा लीगल वॉलिंटियर्स के माध्यम से जन जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिलाधिकारी ने दुकानों और अन्य वाणिज्यिक स्थानों पर काम कर रहे बालकों को मुक्त कराने को अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।