एक ओर जहां देहरादून स्थित संभागीय परिवहन कार्यालय में आम आदमी भी लाइसेंस बनवाने, रिन्यू कराने आदि कामों के लिए बिना सिफारिश नहीं पहुंचता।
प्रमुख सचिव राधा रतूड़ी ने सामान्य आवेदकों की तरह कतार में लगकर बेटी का लाइसेंस बनवाया। इस दौरान परिवहन अधिकारियों ने सचिव को कार्यालय में चलने का आग्रह भी किया, लेकिन रतूड़ी ने इससे इनकार कर बेटी की बारी का इंतजार किया।
बिना साहबी दिखाए बेटी का लाइसेंस बनवाने के बाद रतूड़ी निकल गईं। प्रमुख सचिव के इस व्यवहार की परिवहन अधिकारियों संग आम लोगों ने भी जमकर तारीफ की। सोमवार को संभागीय परिवहन कार्यालय में अन्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा भीड़ होती है।
दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे प्रमुख सचिव राधा रतूड़ी अपनी बेटी को लेकर कार्यालय पहुंची। बेटी का प्रशिक्षु फार्म भरा और दोनों कतार में लग गए। लाइन काफी लंबी थी।