-सीएम बोले, युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने में मददगार साबित होगी पुस्तक
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उद्योग विभाग की औद्योगिक विकास व नीतियों से संबंधित शासनादेशों के संकलन पुस्तक का विमोचन किया।
बुधवार को सीएम आवास में उत्तराखंड की रजत जयंती वर्ष में औद्योगिक विकास व सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग की ओर से शासनादेशों का द्वितीय संकलन पुस्तक का विमोचन किया। सीएम ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक विकास व रोजगार संवर्द्धन में औद्योगिक विकास नीतियों की बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इस संकलन से नीति निर्माण की प्रकिया में सरलता आएगी। यह पुस्तक भविष्य के लिए भी उपयोगी सिद्ध होने के साथ राज्य में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए महत्वपूर्ण होगी।
मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की है कि राज्य के युवाओं को स्वरोजगार अपनाने के लिए भी यह पुस्तक अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी व अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करने में मददगार साबित होगी। इस मौके पर सचिव उद्योग विनय शंकर पांडेय, महानिदेशक उद्योग सौरव गहरवार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।