आपदा में लापता जिले के बीस लोगों के परिजनों को मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने शुक्रवार को पांच-पांच लाख रुपये आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित किए। इस दौरान सीएम ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ है, ख्याल रखा जाएगा कि उन्हें भविष्य में कोई दिक्कत न हो।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित जनता हाल में सीएम ने चेक वितरित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा से प्रदेश को बहुत नुकसान हुआ है। राज्य सरकार भरसक प्रयास कर रही है कि दूरवर्ती क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं फिर बहाल हो सकें।
केंद्र सरकार उत्तराखंड के पुनर्निर्माण और विकास में पूरा सहयोग कर रही है। इस दौरान कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, दिनेश अग्रवाल, विधायक राजकुमार, उमेश शर्मा ‘काऊ’, जिलाधिकारी आर. मीनाक्षी सुंदरम, एडीएम वित्त झरना कमठान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
इन्हें दिए चेक
विकासनगर तहसील के जयप्रसाद, अमृता और सुधांशु ठाकुर, चकराता तहसील के सुरेंद्र सिंह, ऋषिकेश तहसील की मिथिलेश, अलका और दर्शनी देवी, तहसील सदर के गोविंदराम गौड़, आनंद दुबे, विजय रस्तोगी, ऋषि बिष्ट, इंदिरा, तुषार बिष्ट, सुरेंद्र बिष्ट, रामेश्वरी रावत, नंदन सिंह रावत, सूरज रावत, विक्रम सिंह बिष्ट, महेश और संतोष पांडेय के परिजनों को चेक दिए गए।
इनके अलावा तहसील सदर और ऋषिकेश की उन महिलाओं को अलग से 25-25 हजार रुपये के चेक दिए गए, जिनके पति लापता हैं। सदर की चार और ऋषिकेश की तीन महिलाएं इनमें शामिल रहीं।