साइबर ठगों ने शहर की एक शिक्षक और एक कारोबारी को ठग लिया। दोनो मामलों में ठगों ने खुद को सैन्य अधिकारी बताया था। साइबर थाना पुलिस ने मामलों की जांच की, जिसके बाद कोतवाली शहर और क्लेमेंटटाउन थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
टर्नर रोड निवासी रिचा ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। रिचा एबाकस क्लासेज चलाती हैं और उनके पास 11 मार्च को साहिल नाम के व्यक्ति का फोन आया और उसने बताया कि वह 15 दिन के लिए फील्ड ड्यूटी पर जा रहा है। इससे पहले उसे अपने बच्चों को एबाकस क्लासेज में प्रवेश दिलाना है। उसने कहा कि वह फीस उन्हें भेज रहा है। लेकिन इसके लिए साहिल नाम के इस ठग ने एक शर्त बताई, जिसे रिचा ने मान भी लिया। कहा कि सेना का नियम है कि जब उन्हें रकम भेजी जाएगी तभी वह रकम भेज सकते हैं। रिचा ने उन्हें शुरूआत में साढ़े चार हजार रुपये भेज दिए। साहिल ने कहा कि नेटवर्क की समस्या है पैसे नहीं आए हैं। रिचा ने फिर पैसे भेज दिए। इस तरह करते हुए रिचा ने कुल 1.06 लाख रुपये भेज दिए। उधर, संजय भुटानी निवासी राजपुर रोड की राजा रोड पर मशीनरी टूल्स की दुकान है। उन्हें पिछले दिनों एक व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को सैन्य अस्पताल से बताया। व्हाट्सएप पर ब्रुश कटर मशीन का फोटो भेजा और कहा कि यह वह खरीदना चाहता है। दोनों के बीच सौदा हो गया और बात एडवांस की हुई। संजय ने एडवांस मांगा तो उसने कथित अकाउंट अफसर से बात कराई। ठग ने उन्हें व्हाट्सएप पर लिंक भेजा, जिस पर क्लिक करते ही पैसे कट गए। ट्रांजेक्शन में कारोबारी संजय के 1.38 लाख रुपये कट गए।