साइबर ठगों ने इंश्योरेंस पॉलिसी में अधिक लाभ दिलाने का झांसा देकर एक महिला से 13.24 लाख रुपये ठग लिए गए। ठगी का अहसास होने पर महिला ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत की। साइबर क्राइम पुलिस ने मामले की जांच की। इसके बाद कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसएचओ कैंट कैलाश चंद भट्ट ने बताया कि कौलागढ़ निवासी सरोज चौधरी ठगी का शिकार हुई हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि उनको गत नवंबर में एक कॉल आई थी। फोन करने वाले ने खुद को मैक्स लाइफ इंश्योरेंस कंपनी का प्रतिनिधि बताया। उनसे कहा गया कि उनकी पॉलिसी का मूल्य अभी साढ़े नौ लाख रुपये है। जबकि, सरोज चौधरी इस पॉलिसी में 13 लाख रुपये जमा कर चुकी थीं।
महिला को बताया गया कि बाकी रकम एजेंट के खाते में चली गई है। इस राशि को पाने के लिए उन्हें कोड बदलना होगा। उन्हें विश्वास दिलाया गया कि इसके लिए जो रकम वह जमा करेंगी वह बाद में वापस हो जाएगी।
सरोज चौधरी से ठगों ने पहले पांच लाख रुपये जमा कराए। इसके बाद सवा चार लाख रुपये जमा कराए। कुल मिलाकर उनसे 13 लाख रुपये जमा करा लिए गए। बताया गया कि यह राशि उन्हें वापस मिलेगी। कुछ दिन बाद तक जब राशि वापस नहीं मिली तो महिला को समझ आया कि उनके साथ ठगी हो रही है। एसएचओ कैंट ने बताया कि मामले में जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में जांच की जा रही है।