मुख्य द्वार और शौचालय पर लगा दिए ताले
मुख्यमंत्री के आईएसबीटी में कार्यक्रम के कारण ट्रांजिट कैंप में आने की सूचना पर कार्यदायी संस्था ने कैंप के मुख्य द्वार और शौचालयों पर ताले लगा दिए। इससे तीर्थयात्री अपनी बारी का इंतजार करने के लिए धूप में और पेड़ों के नीचे बैठे, जबकि अंदर कुर्सियां खाली पड़ी थीं। अधिकारियों ने बताया कि सीएम के दौरे को देखते हुए कैंप भवन के भीतर स्वच्छता बनाए रखने के लिए दरवाजे और शौचालय बंद कर दिए गए थे।
अब भी ट्रांजिट कैंप अधूरा, नहीं हुआ हैंडओवर
ट्रांजिट कैंप में अब भी कई काम अधूरे हैं। इस कारण कार्यदायी संस्था ने पर्यटन विभाग को इसे हैंडओवर नहीं किया है। पीने के पानी के पर्याप्त स्टैंड पोस्ट नहीं लगे हैं, जिस कारण तीर्थयात्रियों को पानी के लिए भी लंबा इंतजार करना पड़ा। शौचालयों की सफाई के लिए सफाईकर्मी नहीं हैं। कुछ देर के लिए बिजली गुल हुई तो कैंप के पंखे और सभी काम ठप हो गए। यहां रखा डीजल जेनरेटर भी नहीं चलाया गया।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान कैंप भवन के भीतर गंदगी न हो। इसके लिए शौचालय व ट्रांजिट कैंप भवन के दोनों दरवाजों को बंद कर दिया गया था। मुख्यमंत्री के जाने के बाद ताले खोल दिए गए।
- योगेंद्र गंगवार, निदेशक, उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद