शीतकालीन यात्रा को करेंगे प्रोत्साहित: मुख्यमंत्री
केदारनाथ मंदिर के कपाट बंद होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप केदारपुरी दिव्य और भव्य नजर आ रही है। चारधाम यात्रा में इस वर्ष रिकाॅर्ड 50 लाख श्रद्धालु पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा संपन्न होने के बाद शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं का अभिवादन भी स्वीकार किया।
इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में सवा लाख की हुई बढ़ोतरी : हेमंत द्विवेदी
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशन में चारधाम यात्रा का सफल संचालन हुआ। यात्रा सुगम और सुरक्षित रही। बेहतर यात्रा प्रबंधन का ही नतीजा है कि इस वर्ष रिकॉर्ड 17,68,795 तीर्थयात्रियों ने भगवान केदारनाथ के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि आगामी वर्षों में श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा होगा लिहाजा यात्रा प्रबंधन को और भी मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बरसात में यात्रा कुछ प्रभावित हुई, लेकिन पूरे सीजन केदारनाथ की यात्रा सुगम और सुरक्षित रही। इस बार श्रद्धालुओं की संख्या गत वर्ष की अपेक्षा सवा लाख अधिक रही है। बीते वर्ष 2024 में 16,52,076 श्रद्धालुओं ने बाबा केदारनाथ के दर्शन किए थे। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा संपन्न होने के बाद शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित किया जाएगा। शीतकाल में केदारनाथ धाम की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।