चार चिकित्सालयों के उच्चीकरण का प्रस्ताव
डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि चारधाम यात्रियों को बेहतर सुविधा मुहैया कराने के लिए यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले चिकित्सालयों का उच्चीकरण आवश्यक है ताकि यहां आने वाले यात्रियों को अधिक ऊंचाई वाले यात्रा मार्गों पर आधुनिकतम चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराई जा सके। इसके लिए उत्तरकाशी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कोट, भटवाडी, रुद्रप्रयाग में ऊखीमठ, चमोली में जोशीमठ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण का प्रस्ताव केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के समक्ष रखा गया। केंद्रीय मंत्री ने डीपीआर उपलब्ध कराने को कहा।
पैदल यात्रा मार्गों पर बनेंगे मेडिकल रिलीफ प्वाइंट
केदारनाथ, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब की पैदल मार्ग पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रत्येक एक किलोमीटर की दूरी पर मेडिकल रिलीफ प्वाइंट (एमआरपी) स्थापित किए जाने की सैद्धांतिक सहमति बनी है। जिनका निर्माण इस तरह से किया जाएगा कि वह भारी बर्फबारी व बरसात में भी मजबूती के साथ टिके रह सकें। इन स्थानों पर यात्रा काल के दौरान चिकित्सकों के साथ ही फार्मासिस्ट व पैरामेडिकल स्टॉफ भी तैनात रहेगा। जिनके पास ईसीजी मशीन, पोर्टेबल ऑक्सीजन सिलिंडर के साथ जरूरी जीवनरक्षक दवाइयां उपलब्ध रहेंगी। योजना का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।