महाराष्ट्र के राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने बुधवार को केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के दर्शन किए। बृहस्पतिवार को वे सीमांत गांव माणा का भ्रमण करेंगे। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी बुधवार सुबह हेलीकॉप्टर से केदारनाथ पहुंचे। उन्होंने बाबा केदार की पूजा अर्चना की। इस दौरान तीर्थ पुरोहितों ने राज्यपाल से मुलाकात कर देवस्थानम बोर्ड को भंग करने की मांग उठाई। इसके बाद राज्यपाल दोपहर बाद हेलीकॉप्टर से बदरीनाथ पहुंचे। भीमपुल और मां सरस्वती मंदिर के दर्शन करने के बाद शाम को बदरीनाथ मंदिर में संध्याकालीन आरती में शामिल हुए।
देवस्थानम बोर्ड के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि महाराष्ट्र के राज्यपाल कोश्यारी बृहस्पतिवार को सीमांत गांव माणा का भ्रमण करेंगे। इस अवसर पर रावल ईश्वरी प्रसाद नंबूदरी, देवस्थानम बोर्ड के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीडी सिंह, धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, प्रभारी मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान, सत्येंद्र चौहान, हरीश जोशी, मंजेश भुजवाण आदि मौजूद थे।