केदारनाथ धाम जाने वाले तीर्थ यात्रियों को जल्द ही हेली सेवा की सुविधा मिलेगी। देहरादून से बदरीनाथ धाम के लिए चार्टर्ड हेलीकॉप्टर सेवा शुरू हो गई है। कई यात्री हेलीकॉप्टर की बुकिंग कर बदरीनाथ पहुंचे। केदारनाथ धाम के लिए गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी हेलीपैड से हेली सेवा का संचालित होता है। नागरिक उड्डयन विभाग ने टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से हेली सेवा संचालित करने के लिए नौ कंपनियों के साथ अनुबंध किया है। चारधाम यात्रा शुरू होने से जल्द ही केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा शुरू होगी।
डीजीसीए की टीम गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी हेलीपैड में मानकों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए निरीक्षण करेगी। सोमवार को शासन स्तर पर हेलीसेवा संचालित करने के लिए हेली सेवा आपरेटरों के साथ बैठक की जाएगी। सचिव नागरिक उड्डयन दिलीप जावलकर ने बताया कि केदारनाथ धाम के लिए शीघ्र ही हेली सेवा का संचालन शुरू किया जाएगा। इसके लिए हेली सेवा ऑपरेटरों के साथ बैठक की जाएगी। हेली सेवा के लिए पहले से ही सभी तैयारियां है।
कोरोनाकाल में कपाटोद्घाटन के लगभग साढ़े चार महीने बाद चारधाम यात्रा शुरू होते ही कारोबारियों व यात्रा से जुड़े लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है। केदारघाटी के बाजारों समेत पैदल मार्ग के पड़ाव व धाम में भी रौनक बढ़ गई है। यहां सुबह से देर शाम तक खूब चहलपहल बनी हुई है।
18 सितंबर से केदारनाथ यात्रा शुरू होते ही गुप्तकाशी, फाटा, सोनप्रयाग, गौरीकुंड और केदारपुरी में अलग ही उल्लास नजर आ रहा है। कोरोना संक्रमण के कारण पिछले पांच माह से चला आ रहा सन्नाटा बाबा के भक्तों के जयकारों ने पलभर में तोड़ दिया है। श्रीकेदार धाम होटल ऑनर्स एसोसिएशन के सचिव नितिन जमलोकी ने बताया कि फाटा, सीतापुर, रामपुर और सोनप्रयाग में कुछ होटल को अगले 10 दिन की एडवांस बुकिंग तक मिल गई है।
इस तरह से शुरूआती दो दिन में श्रद्धालु पहुंचे हैं। गौरीकुंड व्यापार संघ के अध्यक्ष अरविंद गोस्वामी ने बताया कि यात्रा शुरू होने से छोटे व्यापारियों को भी लाभ मिलेगा। दूसरी तरफ प्रशासन व पुलिस की ओर से यात्रा के सफल संचालन के लिए केदारघाटी के बाजारों में जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी अगस्त्यमुनि से गौरीकुंड तक संचालित स्थायी व अस्थायी स्वास्थ्य केंद्रों में यात्राकाल के लिए पर्याप्त दवा भेज दी गई है। पड़ावों में संचालित मेडिकल रिलीफ पोस्ट और केदारनाथ अस्पताल में भी चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती कर दी गई है जिससे जरूरतमंद यात्रियों का समय पर उपचार किया जा सके।