केदारनाथ। केदारनाथ धाम की पैदल यात्रा श्रद्धालुओं के लिए रोचक और नए अनुभवों को संजोने वाली साबित हो रही है। विभिन्न प्रांतों से पहुंच रहे शिव भक्त हिमखंड व बर्फ से रोमांचित हो रहे हैं। हिमखंडों के किनारे सेल्फी खींचकर इसे यादगार बना रहे हैं। बाबा के भक्तों को करीब चार किमी बर्फ काटकर बनाए गए रास्ते से धाम पहुंचना पड़ रहा है।
दिल्ली निवासी रमेश शर्मा, निकिता, सुदेश, राजस्थान के अंशराम ने बताया कि वे पहली बार केदारनाथ यात्रा पर आ रहे हैं। यहां बर्फ को देखकर नया अनुभव मिला है। छानी कैंप से रुद्रा प्वाइंट तक चार जगहों पर श्रद्धालु 12 फीट ऊंची बर्फ की दीवारों के बीच से गुजर रहे हैं। रुद्रा प्वाइंट से मंदिर तक दो किमी मार्ग के दोनों तरफ ढाई से तीन फीट बर्फ जमा है। निम के पूर्व प्राचार्य कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कोठियाल ने बताया कि रामबाड़ा से आगे मंदाकिनी नदी के दाई तरफ वाले क्षेत्र में वर्षभर धूप कम पड़ती है, जिस कारण यहां कई जगहों पर हिमखंड जोन हैं।