पहाड़ में शुक्रवार दोपहर बाद मौसम ने फिर करवट ली थी। केदारनाथ में शाम को हल्की बारिश के साथ बर्फ की फुहारें गिरी, जिससे धाम में ठंड बढ़ गई थी। यमुनोत्री धाम में पंद्रह मिनट तक झमाझम बारिश हुई, जबकि गंगोत्री धाम में हल्की बूंदाबांदी और गंगोत्री हिमालय के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ की हल्की फाहे गिरीं।
उत्तरकाशी जिले में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार को दोपहर बाद मौसम में आए बदलाव से तापमान में गिरावट आई। जिला मुख्यालय में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम क्षेत्र में पारा 12 डिग्री सेल्सियस से कम होने के कारण यात्रियों ने गुनगुनी ठंड के साथ खुशगवार मौसम का लुत्फ लिया।
हालांकि यमुनोत्री धाम में व्याप्त अव्यवस्थाओं के कारण तीर्थयात्रियों को बारिश के दौरान जाम व धक्कामुक्की का सामना करना पड़ा। जबकि पैदल मार्ग में घोड़े खच्चरों की लीद से बने कीचड़ ने भी परेशानी को बढ़ा दिया।