रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राजमार्ग गिंवाला के पास भूस्खलन से पांच घंटे तक बंद रहा। हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की कतार लगी रही। उधर, गुप्तकाशी से सोनप्रयाग के बीच भी सड़क की स्थिति दयनीय बनी हुई है। वहीं बदरीनाथ हाईवे भी तीन जगहों पर चट्टान से मलबा आने के कारण अवरुद्ध हो गया।
रविवार सुबह पांच बजे गिंवाला के समीप पहाड़ी से हुए भारी भूस्खलन के कारण हाईवे बंद हो गया था। भारी मलबा आने से यातायात ठप हो गया। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने से स्थानीय लोगों को खासी दिक्कत उठानी पड़ी। करीब आठ बजे एनएच द्वारा मलबे की सफाई कर यातायात सुचारु किया गया, लेकिन पुन: नौ बजे हाईवे फिर बंद हो गया, जो 10.30 बजे के बाद खुल पाया। इसके बाद भी पहाड़ी से मलबा गिरने का क्रम बना रहा। एनएच के अधिशासी अभियंता जितेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बरसात से भूस्खलन जोन सक्रिय होने के कारण हाईवे पर कई स्थानों पर पत्थरों के साथ मलबा गिर रहा है। जगह-जगह पर मशीनें तैनात की गई हैं। हरसंभव प्रयास किया जा रहा है कि कम से कम समय में यातायात बहाल किया जाए।
इधर, जिले में पीड़ा-पाबौ, गुप्तकाशी-कालीमठ, कोटी बैंड-थाती-बड़मा, खुजीर बैंड-चौकी-बर्सिल, रैंतोली-जसोली, छेनागाड़-बक्सीर, विजयनगर-पठालीधार, लमगौंडी-देवलीभणिग्राम, कंडाई-कमोल्डी आदि संपर्क मार्ग भी बंद पड़े हैं। सड़कों के बंद होने से इन मार्गों से जुड़े गांवों के ग्रामीणों को ब्लाक व जिला मुख्यालय सहित निकटवर्ती बाजारों तक पहुंचने में मीलों पैदल नापना पड़ा। उधर, कालीमठ घाटी को जोड़ने वाला गुप्तकाशी-कालीमठ-कोटमा-चौमासी मोटर मार्ग विद्यापीठ के समीप आए दिन बाधित हो रहा है। यहां निर्माणाधीन जग्गी-बग्वान मोटर मार्ग के डंपिंग जोन से गिर रहे मलबे से आए दिन यातायात प्रभावित हो रहा है।
भीमतला-छिनका में मलबा गिरने से बदरीनाथ हाईवे अवरुद्ध
भारी बारिश के कारण बदरीनाथ हाईवे चमोली बाजार के समीप तीन जगहों पर चट्टान से मलबा आने के कारण अवरुद्ध हो गया। रविवार को दिनभर हाईवे बंद रहा, जिससे बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा रुक गई है। पुलिस प्रशासन की ओर से बदरीनाथ धाम जा रहे 155 तीर्थयात्री और हेमकुंड साहिब की यात्रा पर जा रहे 78 तीर्थयात्रियों को चमोली बाजार में ही रोक लिया है।
शनिवार रात को करीब 11 बजे से हुई भारी बारिश से बदरीनाथ हाईवे पर चमोली के समीप क्षेत्रपाल में चट्टान का करीब बीस मीटर हिस्सा टूट गया और छिनका में भी चट्टान से भारी मात्रा में मलबा हाईवे पर गिरने से यातायात बाधित हो गया। सुबह सात बजे जेसीबी मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का काम शुरू हुआ। पुलिस प्रशासन की ओर से बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब की ओर जा रहे 233 वाहनों को चमोली बाजार और धामों के दर्शन कर लौट रहे करीब 245 तीर्थयात्रियों को बिरही और छिनका बाजार में रोक लिया गया।
हाईवे अवरुद्ध होने से पीपलकोटी, जोशीमठ, चमोली, कर्णप्रयाग, गोपेश्वर, छिनका, भीमतला क्षेत्र के ग्रामीण करीब चार किमी की पैदल दूरी नापकर अपने गंतव्य पहुंचे। वहीं, लामबगड़ भूस्खलन क्षेत्र में भी चट्टान से मलबा और बोल्डर आने से हाईवे सुबह नौ बजे तक अवरुद्ध रहा। इसके बाद मौसम सामान्य होने के कारण सुबह दस बजे तक हाईवे को सुचारु कर दिया गया है। चमोली के एसडीएम (सदर) परमानंद राम ने बताया कि क्षेत्रपाल और छिनका में चट्टान से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर आने से अवरुद्ध पड़ा हुआ है। जेसीबी और मजदूरों की मदद से हाईवे को खोलने का काम जारी है। देर शाम तक हाईवे को सुचारु कर लिया जाएगा।