माई सिटी रिपोर्टर
देहरादून। शहर में बुधवार दोपहर बीजेपी युवा मोर्चा की रैली में हुड़दंग के चलते जिला पुलिस में हड़कंप मच गया। कानून व्यवस्था पर सवाल उठने पर एसपी सिटी प्रमोद कुमार व अन्य पुलिस अधिकारी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। वाहन चालकों के ताबड़तोड़ 30 चालान किए। साथ ही उनके ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने के लिए परिवहन विभाग को रिपोर्ट भेज दी। बीजेपी के युवा कार्यकर्ता नए जिलाध्यक्ष के मनोनीत किए जाने पर रैली निकाल रहे थे, जिसमें युवाओं के समूह गाड़ियों की छत पर चढ़े नजर आए। कई दोपहिया वाहनों पर बिना हेलमेट के थे। ट्रिपल राइडिंग भी कर रहे थे। शोर-शराबा और ट्रैफिक जाम होने लगा। दोपहर 12 बजे के आसपास जाम और हुड़दंग की शिकायत के चलते यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। रैली में शामिल युवाओं को समझाने की कोशिश की जाने लगी, लेकिन वह संयमित नहीं हो रहे थे। इससे न केवल यातायात व्यवस्था बाधित हुई, बल्कि अन्य राहगीरों को भी परेशानी होने लगी। उसी दौरान कानून व्यवस्था पर सवाल उठे। सूचना मिलते ही एसपी सिटी व दो सीओ पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाया। बाद में रैली की वीडियोग्राफी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुड़दंग कर रहे वाहनों की पहचान की गई। उसके आधार पर 30 वाहनों के मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किए गए।
-
रैलियों के नाम पर शहर की शांति और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दून पुलिस का अभियान जारी रहेगा।
अजय सिंह, एसएसपी