उत्तराखंड में हरीश रावत मंत्रिमंडल में फेरबदल के साथ दो खाली स्थान भरने की तैयारी हो रही है। मंत्रिमंडल में होने वाले बदलाव को लेकर हरीश रावत मंगलवार को दिल्ली में शीर्ष नेताओं से चर्चा करेंगे। उनकी मुलाकात कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी से होनी है। 2017 के चुनावी समीकरण के साथ पार्टी में वरिष्ठ विधायकों की लंबी फौज दो खाली जगहों को भरने में रावत के लिए बड़ी चुनौती है।
हरीश रावत लंबे समय से दबाव के बावजूद कैबिनेट में विस्तार और विभागों में फेरबदल को टालते आ रहे हैं। अब एक बार फिर से वरिष्ठ विधायकों का दबाव मंत्रिमंडल में शामिल करने को लेकर है। इसी सिलसिले में सीएम कांग्रेस नेतृत्व से मिलकर इसका समाधान निकाल लेना चाहते हैं। मंत्रिमंडल के अलावा प्रदेश में मुख्य सूचना आयुक्त और दो सूचना आयुक्तों के रिक्त पदों को भरने पर भी चर्चा संभव है। लोकायुक्त को लेकर भी फैसला होना है लेकिन अभी तक फाइल राजभवन में है।
दरअसल सुरेंद्र राकेश के निधन के बाद करीब दो साल से एक मंत्री पद खाली है। जबकि दूसरा पद इस साल मार्च से हरक सिंह रावत के पार्टी छोड़ने के बाद से खाली है। पहले भी रावत को एक पद भरने में दिक्कतें थीं अब दो खाली पद भरना भी मुश्किल का काम है।