सभी प्लांट के साथ ही अपने ट्रांसफार्मर भी चेक करेगा यूपीसीएल
उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) प्रदेश में नमामि गंगे परियोजना व अन्य सभी परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ ही अपने ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा जांच भी करेगा। मंगलवार को मुख्य अभियंता गढ़वाल एमआर आर्य ने सभी अधीक्षण अभियंताओं को इस संबंध में पत्र भेजा है।
यूपीसीएल के मुख्य अभियंता एमआर आर्य के निर्देशों के मुताबिक, मुख्य सचिव ने अपने आदेश में सभी कार्यालयों व महत्वपूर्ण संस्थानों में विद्युत सुरक्षा संबंधी उपाय का परीक्षण कर प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने को कहा है। इसके अंतर्गत नमामि गंगे परियोजना व अन्य सभी परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। यह देखा जाएगा कि वीसीबी, एमसीसीबी प्रोटेक्शन उपकरण सही प्रकार से काम कर रहे हैं या नहीं।
किसी भी प्रतिष्ठान में विद्युत सुरक्षा में लापरवाही नजर आने पर संबंधित विभाग को नोटिस जारी किया जाएगा, जिसकी प्रति विद्युत सुरक्षा विभाग को भी भेजी जाएगी। इसके अलावा सभी ट्रांसफार्मर की फेंसिंग, केबल ड्रेसिंग, अर्थिंग चेक की जाएगी। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि केबल में किसी प्रकार का ज्वाइंट न हो। एलटी केबल ट्रांसफार्मर की एलटी बुशिंग पर एलयूजी से लगी हो। साथ ही एचटी, एलटी फ्यूज सही लगे हों, जिससे किसी भी दुर्घटना की आशंका न रहे।