समाल्टा स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रदर्शन करते शिक्षक। स्रोत संघ
पदोन्नति और सीधी भर्ती के विरोध में उत्तराखंड राजकीय शिक्षक संघ के आह्वान पर शिक्षकों की चॉकडाउन आंदोलन जारी है। इसी क्रम में पछवादून व जौनसार बावर क्षेत्र के राजकीय इंटर कालेजों में शिक्षकों ने शिक्षण कार्य से विरत रहते हुए धरने-प्रदर्शन किए।
प्रदेश में चल रहे शिक्षकों के विरोध-प्रदर्शन व हड़ताल का क्रम जारी है। शिक्षकों ने विकासनगर, सहसपुर, कालसी व चकराता विकासखंड के राजकीय इंटर कालेजों में धरना देकर प्रदर्शन किए। इस दौरान शिक्षक संघ के ब्लाक पदाधिकारियों ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि सीधी भर्ती की प्रक्रिया से वरिष्ठ शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ नहीं मिल रहा है, वह लाभ से वंचित रहते हुए सेवानिवृत हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानाचार्य के पदों को सीधी भर्ती के बजाए वरिष्ठता के आधार पर शिक्षकों को पदोन्नति देकर भरा जाना चाहिए। उन्होंने भर्ती नियमावली को निरस्त करने, स्थानांतरण की प्रक्रिया को विधिवत संचालन करने की मांग भी की। प्रदर्शन करने वालों में विकासनगर विकाखंड के ब्लाक अध्यक्ष सुधीर कांति, शाखा अध्यक्ष शक्ति शर्मा, शाखा मंत्री जयपाल सिंह, कालसी ब्लाक के अध्यक्ष अनिल राणा समेत सभी विद्यायलयों के शिक्षक शामिल रहे।