चैती का समाजसेवा के प्रति जज्बा देखने लायक है। विकासनगर ब्लॉक के कुंजा गांव की रहने वाली 45 वर्षीय चैती देवी का जीवन हमेशा संघर्ष में बीता और अब वह समाजसेवा के साथ-साथ लोगों में स्वरोजगार की अलख जगा रही हैं।
किसी को इमरजेंसी में अस्पताल पहुंचाना हो या जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना, चैती एक आवाज पर दौड़ी चली आती हैं। निरक्षर होने के बावजूद सेवा के इस जुनून से चैती की अलग पहचान बन चुकी है। बुक्सा जनजाति से ताल्लुख रखने वाली चैती के पति मजदूर हैं। वह मशरूम की खेती करती हैं। उनके दो बेटे हैं जो मजदूरी के साथ-साथ मशरूम उगाने में उनकी मदद करते हैं। गुरबत की जिंदगी जीने के बावजूद चैती वर्ष 2013 से समाजसेवा में जुटी हुई हैं। अपने और आसपास के गांव में किसी गरीब व्यक्ति के बीमार पड़ने पर वह उन्हें अस्पताल लेकर जाती हैं। जरूरत पड़ने पर किराये और खाने-पीने की भी व्यवस्था अपने स्तर पर करती हैं।
चैती लोगों के राशन कार्ड बनाने से लेकर विधवा, विकलांग और बुजुर्ग पेंशन लगवाने के लिए तहसील से लेकर ब्लॉक के चक्कर लगाती हैं। वह लोगों को सरकार की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता दिलाने में भी मदद करती हैं।
-----
मदर टेरेसा से मिली प्रेरणा
चैती ने बताया कि वह काफी समय पहले एक सत्संग में गई थीं। वहां उन्होंने मदर टेरेसा के जीवन की कहानी सुनी। उन्हीं से प्रेरित होकर उन्होंने समाजसेवा करने की ठानी और तब से लोगों की मदद करती आ रही हैं। चैती का कहना है कि अपने लिए तो सभी जीते हैं। उन लोगों के लिए जीना चाहिए जिन्हें हमारी ज्यादा जरूरत है।
-----
150 लोगों को दे चुकी हैं मशरूम उगाने का प्रशिक्षण
चैती मशरूम उगाने के साथ ही अन्य लोगों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए इसका प्रशिक्षण दे रही हैं। वह बीते दो सालों में 150 से ज्यादा लोगों को मशरूम की खेती करने का प्रशिक्षण देकर उनके हुनर को पंख लगा चुकी हैं।
----
चैती का समाजसेवा का जज्बा देखने लायक है। वह बिना किसी स्वार्थ के जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहती हैं। - आरिफ, पूर्व प्रधान कुंजा
चैती के सामाजिक कार्य सराहनीय हैं। वह हमेशा लोगों की मदद के लिए तैयार रहती हैं। अपने सामाजिक कार्यों से वह कई लोगों को लाभ पहुंचा चुकी हैं। - सुमन भट्ट, पूर्व अध्यक्ष, महिला मंगल दल