आपदा से हुए नुकसान और उसके प्रभावों को जानने के लिए केंद्र की विशेष टीम बृहस्पतिवार को देहरादून पहुंची। टीम के सदस्य अब आपदाग्रस्त क्षेत्रों के दौरे पर जा रहे हैं।
दो दिन जगह-जगह घूम कर हालात का जायजा लेंगे और दिल्ली लौटकर प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में गठित कैबिनेट की विशेष समिति को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे।
11 सदस्यीय दल
केंद्र सरकार के विभिन्न महकमों से जुड़े अधिकारियों का यह 11 सदस्यीय दल है। इसके अध्यक्ष केंद्र सरकार के संयुक्त सचिव गृह लोकेश झा हैं। दल को पांच हिस्सों में बांटा गया है। हर दल में दो केंद्र के प्रतिनिधि अधिकारी रहेंगे और एक अफसर राज्य सरकार का समन्वय बनाने के लिए रहेगा।
बताया गया कि दो दिन पहले प्रदेश के अधिकारियों ने कैबिनेट की विशेष समिति के सामने आपदा पर प्रस्तुति दी थी। चित्रों और आंकड़ों के जरिए आपदा राहत और बचाव के साथ नुकसान का जो ब्योरा वहां प्रस्तुत किया गया, उसकी वास्तविकता अब इस दल से जंचवाई जा रही है।
आपदाग्रस्त क्षेत्रों में रवाना होने से पहले दल के सदस्यों ने सचिवालय में मुख्य सचिव सुभाष कुमार की अध्यक्षता में बैठक की। मुख्य सचिव ने दल को दैवीय आपदा से हुई धन-जन हानि की पूरी जानकारी दी। स्लाइड प्रस्तुतीकरण के जरिए भी उन्हें आपदा की वस्तुस्थिति से अवगत कराया गया।
अलग से दौरा करेंगे झा
केंद्रीय संयुक्त सचिव गृह लोकेश झा हालात का जायजा लेने पौड़ी जा रहे हैं। वहां से रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी का भी दौरा करेंगे। इनके साथ समन्वय के लिए गढ़वाल कमिश्नर सुबर्द्धन रहेंगे।
कौन सी टीम कहां जाएंगी..
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के निदेशक एल फेनई और उत्तर प्रदेश गन्ना विकास के निदेशक वीरेंद्र सिंह धारचूला (पिथौरागढ़) जाएंगे। इनके साथ कमिश्नर कुमाऊं आरके सुधांशु और अपर सचिव लोक निर्माण विभाग अमित नेगी रहेंगे।
ईएमआर शाखा के सीएमओ निलय राय और पेयजल विभाग के अपर सलाहकार दिनेश चांद उत्तरकाशी जाएंगे। इनके साथ प्रदेश के अपर सचिव स्वास्थ्य पीयूष सिंह रहेंगे।
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय के अधिकारी पंकज कुमार मौर्य और वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के डिप्टी कंजरवेटर अमित मिश्र रुद्रप्रयाग का दौरा करेंगे। इनके साथ एफआरडीसी बीपी पांडेय रहेंगे।
केंद्रीय वित्त मंत्रालय के सहायक निदेशक बीके मिश्र और केंद्रीय योजना आयोग के शोध अधिकारी ए चंद्रशेखर बागेश्वर जाएंगे। इनके साथ राज्य के ग्राम्य विकास सचिव विनोद फोनिया समन्वय के लिए जाएंगे।
केंद्र के पशुपालन विभाग के पशु चारा विशेषज्ञ टीके वैद और जल संसाधन के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर हरकेश कुमार चमोली का दौरा करेंगे। इनके साथ अपर सचिव रविनाथ रमन रहेंगे।