केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई)
- फोटो : Social media
इस साल मार्च में होने वाली केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की टर्म-2 की परीक्षाओं में छात्रों को पुराने पैटर्न में पेपर हल करने होंगे। टर्म-1 की बोर्ड परीक्षा में 10वीं और 12वीं के छात्रों ने ओएमआर शीट पर पहले बार परीक्षा दी थी। इसमें सिर्फ बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए थे, लेकिन टर्म-2 की परीक्षा में बोर्ड ने पुराने पैटर्न में प्रश्न पूछने का फैसला लिया है। इसके लिए बोर्ड की ओर से सैंपल पेपर भी जारी किए गए हैं।
कोरोना काल में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने इस बार दो चरणों में बोर्ड परीक्षा कराने का फैसला लिया है। बीते साल दिसंबर में टर्म-1 की परीक्षाएं संपन्न कराई जा चुकी हैं। ऐसे में मार्च में टर्म-2 की बोर्ड परीक्षाएं होनी हैं। इसके लिए बोर्ड और संबद्ध स्कूलों की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
सीबीएसई ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर विभिन्न विषयों का टाइम टेबल भी जारी किया है। इनसे छात्रों को परीक्षा पैटर्न और सवालों को समझने में मदद मिलेगी। इसके अलावा, छात्र कक्षा 10 और 12 के लिए टर्म-2 बोर्ड परीक्षा के लिए सीबीएसई दिशा-निर्देशों के अनुसार विषयवार मॉक टेस्ट भी देख सकते हैं।
राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान (एनआईईपीवीडी) के प्रधानाचार्य अमित शर्मा ने बताया कि बोर्ड की ओर से जारी किए गए सैंपल पेपर पुराने पैटर्न में जारी किए गए हैं। ऐसे में टर्म-2 की बोर्ड परीक्षा में पुराने पैटर्न में सवाल पूछे जाएंगे। 40 नंबर का पेपर छात्रों को केस-आधारित, स्थिति-आधारित, छोटे और बड़े सवाल जवाब पर आधारित होंगे। सैंपल पेपर के आधार पर ही इन दिनों बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई कराई जा रही है।