न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए शहर के होटल और क्लबों में भी खूब धमाल मचेगा। क्लब और होटल संचालकों ने इसके लिए खास तैयारी की है। कुछ क्लबों में थर्टी फर्स्ट को इंट्री के लिए हैप्पी ऑवर का आफर भी दिया जाना है। कई होटल और क्लबों में तो बुकिंग फुल हो चुकी है।
जीएमएस रोड स्थित होटल सैफ्रॉन लीफ में अफ्रीका के होटल में काम कर रहे शेफ खास डिश बनाएंगे। यहां खाने के करीब 150 आइटम होंगे। होटल के जीएम विनोद श्रीवास्तव ने बताया कि मैस्कुरेड पार्टी में सभी मेहमानों को मास्क पहनकर शामिल होना होगा। मास्क की व्यवस्था होटल की तरफ से होगी।
इसमें सेलिब्रेटी नाइट भी होगी। मुंबई से आए सेलिब्रिटी भी जलवा बिखेरेंगे। हरिद्वार रोड स्थित होटल सॉलीटेयर में एक टीवी शो के बाल कलाकार धमाल करेंगे। इसमें डांस इंडिया डांस फेम विकेश भी प्रस्तुति देंगे।
डांस और धमाल
रिस्पना स्थित जेएसआर कंटीनेंटल होटल में डांस और धमाल की खास तैयारी है। आईएसबीटी स्थित माल में ब्लू फोर्ज रेस्टोरेंट में थर्टी फर्स्ट नाइट धूमधाम मनेगी।
हरिद्वार बाइपास रोड पर स्थित सरोवर पोर्टिको होटल में बॉलीवुड डिस्कोथेक की धूम रहेगी। इसी तरह राजपुर रोड, मसूरी रोड, चकराता रोड समेत शहर के विभिन्न स्थानों पर होटल और क्लबों में डीजे, डांस मस्ती के साथ कई सरप्राइज गिफ्ट देने के भी आयोजन हैं।