क्षेत्र के मुंशी गांव में मंगलवार को नई दिवाली पूरे हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाई गई। ग्रामीणों ने अपनी लोक संस्कृति का प्रदर्शन करते हुए पारंपरिक नृत्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं।
उत्सव के लिए सभी ग्रामीण सबसे पहले पंचायती आंगन में एकत्रित हुए। यहां से वे भीमल की लकड़ी से बनाए गए होले लेकर गांव के पारंपरिक सार्वजनिक स्थल डिपसा पहुंचे और उन्हें जलाकर पर्व की विधिवत शुरुआत की। इसके बाद वापस पंचायती आंगन में ढोल-दमाऊं की गूंज के बीच ग्रामीणों ने हारुल, जैंता, रासो और तांदी जैसे लोकगीतों पर जमकर नृत्य किया। ग्रामीणों के उत्साह से देर रात तक गांव में जौनसारी लोक संस्कृति की सजीव छटा बिखरी रही।
इस मौके पर गांव के बुजुर्ग गुलाब सिंह, प्रताप सिंह और लुदर सिंह समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि मुंशी गांव में यह नई दिवाली केवल एक दिन मनाई जाती है। क्षेत्र का मुख्य उत्सव आज से ठीक एक महीने बाद शुरू होगा, जब पारंपरिक पुरानी दिवाली का आगाज होगा। उस दौरान पंचायती आंगन में लगातार पांच दिनों तक गीत-संगीत और सामूहिक नृत्य का दौर जारी रहेगा।