कुछ कर गुजरने की तमन्ना हो तो अभाव आड़े नहीं आते। ऐसा ही कुछ कर दिखाया जवाहर नवोदय विद्यालय के 12वीं कक्षा के छात्र जैना गांव निवासी करन बुधानी ने।
नियमित पढ़ाई के बल पर करन ने सीबीएसई की बोर्ड परीक्षा में 96 फीसदी अंक प्राप्त कर जिला टॉप किया है। उनकी माता गीता बुधानी गांव में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। करन भविष्य में आईएएस अधिकारी बनना चाहते हैं।
करन के पिता नारायण दत्त बुधानी का 11 साल पहले निधन हो चुका है। करन का बचपन अभाव में बीता है। नानाजी के साथ भिकियासैंण में रहकर पांचवीं तक की शिक्षा ग्रहण की।
हाईस्कूल की परीक्षा भी अच्छे अंकों के साथ उत्तीर्ण की
चंदौसी के आरआरके सी.से.स्कूल में रिजल्ट आने के बाद खुशी में उछलते विद्यार्थी। अमर उजाला
- फोटो : amar ujala
इसी बीच जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर ली और करन यहां नवोदय विद्यालय के आवासीय परिसर में रहने लगे। करन ने बताया कि वह डेढ़ घंटे की पढ़ाई करते थे, लेकिन इसे वह नियमित रूप से किया करते थे, परीक्षा के वक्त पढ़ाई का समय बढ़ाया।
उन्होंने बताया कि उनसे परिजनों को खास उम्मीदें थीं, हाईस्कूल की परीक्षा भी अच्छे अंकों के साथ उत्तीर्ण की। वह कहते हैं कोशिश करने वालों की हार नहीं होती, युवाओं को चाहिए कि 10वीं के बाद विषयों का चयन अपनी इच्छानुसार करें।
सफलता का श्रेय करन ने अपने बड़ों और गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया है। करन की माता गीता बुधानी ने बताया कि बुजुर्गों का आशीर्वाद और भगवान की कृपा और करन की मेहनत से यह सफल हो सका है। करन की दो बड़ी बहनें और एक छोटा भाई है जो नवीं कक्षा में पढ़ता है।