छात्रा के साथ होटल के कमरे में दुष्कर्म करने और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि युवक कॉलेज आते जाते बीते एक साल से परेशान करते हुए बदनाम कर रहा है। अश्लील वीडियो भी वायरल की गई।
पटेलनगर कोतवाली पुलिस के मुताबिक, आरोपी तनवीर निवासी ग्राम बालेकी भगवानपुर रुड़की हरिद्वार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। छात्रा का आरोप है कि मई 2022 में तनवीर ने नशा मिलाकर कोल्ड ड्रिंक पिलाई थी और एक होटल में दुष्कर्म कर वीडियो बनाई थी। आरोप है कि डरा धमकाकर तीन बार अलग-अलग जगह दुष्कर्म कर चुका है।
पीड़ित छात्रा का कहना है कि बीते एक साल से कॉलेज आते जाते तनवीर उसका पीछा कर छेड़छाड़ कर रहा है। आरोपी तनवीर अहमद ने खुद को रिश्तेदार बताते हुए फोन किया और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। विरोध करने पर रिश्तेदारों को फोन कर बदनाम करने लगा। पीड़िता ने परेशान होकर आपबीती भाई को बताई तो गाली-गलोज व जान से मारने की धमकी भी दी गई।
अश्लील शब्दों का इस्तेमाल पर मुकदमा दर्ज
स्कूल जा रही छात्रा के साथ अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करने व धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। शहर कोतवाली में पीड़िता के पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। आरोप है कि शमशाद निवासी सिंगलमंडी कुसुम बिहार व अन्य युवक पीड़िता का पीछा करते हुए घर के पास तक आए और अश्लील शब्दों का इस्तेमाल किया। गाली-गलोज करते हुए धमकी भी दी गई।