राजधानी देहरादून में खाद्य सुरक्षा योजना के तहत इन दिनों आंगनबाड़ी केंद्रों में फॉर्म जमा किए जा रहे हैं। लेकिन उन्हें इसकी रसीद नहीं दी जा रही।
डीएसओ से की शिकायत
उन्हें अपने फॉर्म जिला पूर्ति कार्यालय तक न पहुंचने का संशय बना हुआ है। इस संबंध में उन्होंने डीएसओ से शिकायत भी की है।
एपीएल को रास्ता राशन दिलाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा योजना के फार्म शहरभर में बांटे जा रहे हैं। ये फॉर्म आंगनबाड़ी केंद्रों में जमा होने हैं।
बुधवार को डीएसओ ऑफिस पहुंचे इंदर रोड निवासी हसन जैदी ने बताया कि फॉर्म तो जमा हो रहे हैं, लेकिन रसीद नहीं दी जा रही।
कोई सबूत नहीं
ऐसे में आवेदकों के पास कोई सबूत नहीं है कि उन्होंने फॉर्म जमा कराया है या नहीं। पटेलनगर के राजकुमार, सन्नी, कंावली रोड के सतीश कुमार आदि ने भी यह शिकायत की।
डीएसओ श्याम आर्य का कहना है कि फार्म जमा करने के बाद आवेदक को अनिवार्य रूप से रसीद दी जानी है। ऐसा नहीं हो रहा है तो संबंधित केंद्रों को निर्देश दिए जाएंगे।
मदद मांग रहे कर्मचारी
खाद्य सुरक्षा योजना के लिए डीएम कार्यालय में शुरू हेल्पलाइन पर बुधवार को नौ शिकायतें दर्ज की गईं। कृष्णा विहार के मनोज रतूड़ी ने फॉर्म न मिलने की शिकायत की। बताया कि वह किराए पर रहते हैं।
सर्वे टीम के मांगने पर उन्होंने मकान मालिक का बिजली कनेक्शन नंबर दिया, लेकिन सर्वे टीम ने फार्म नहीं दिया। क्लेमनटाउन के 75 वर्षीय सुखमल ने भी फॉर्म न मिलने की शिकायत की।
रायपुर के ग्राम पंचायत विकास अधिकारी ने पूछा कि फॉर्म खत्म होने पर उन्होंने इसकी फोटो कॉपी बंटवा दी है, इससे कोई दिक्कत तो नहीं होगी।
फेसबुक पर राय देने के लिए क्लिक करें...