कनखल थाना क्षेत्र के गांव मिस्सरपुर से गंगोह (सहारनपुर) गई बारात में लौटते समय कार सवार पांच बारातियों की कार शुक्रवार रात तिरछे पुल के पास गंगनहर में समा गई। रातभर ग्रामीण उनकी तलाश करते रहे। अगले दिन भी खोजबीन चलती रही। लेकिन किसी का कहीं पता नहीं चला।
शनिवार शाम एक राहगीर की निगाह गंगनहर में कार दिखने पर प्रशासनिक अमला हरकत में आया। क्रेन की मदद से पुलिस और ग्रामीणों ने कार और इसमें फंसे शवों को एक-एक कर बाहर निकाला गया। हादसे के बाद से गांव में मातम छाया हुआ है।
शुक्रवार को मिस्सरपुर निवासी अरविंद सैनी की बारात गंगोह गांव गई हुई थी। दोपहर में शादी की रस्में पूरी होने के बाद शाम को बारात वापस आई। मिस्सरपुर के ही राजू (23) की कार में चार युवक भूपेंद्र (32), हेमंत (32), मनीष (22) और टीनू भी बारात में गए थे।
शाम के वह भी वापस आने के लिए रवाना हुए। आते समय भूपेंद्र की अपनी पत्नी से मोबाइल फोन पर बातचीत भी हुई। लेकिन देर शाम तक पांचों गांव नहीं लौटे। मोबाइल फोन पर भी संपर्क नहीं हो रहा था।