फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हवा में उछलकर पेड़ से टकराई कार, उड़े परखच्चे

Fri, 29 Aug 2014 12:51 PM IST
अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
राजधानी देहरादून की सड़क पर कार की बेकाबू रफ्तार ने दो और जिंदगियां लील लीं। नशे में धुत होकर 120 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पर कार दौड़ा रहे युवक ने नियंत्रण खोया तो कार डिवाइडर और फिर पेड़ से जा टकराई।
विज्ञापन


हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए, जबकि इसमें सवार युवती और एक महिला की मौत हो गई। चालक समेत दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों एमबीए के छात्र बताए जा रहे हैं।

बुधवार रात डेढ़ बजे राजपुर की तरफ से डस्टर कार तेज रफ्तार में घंटाघर की ओर आ रही थी। जाखन पुलिस चौकी के पास कार वरना कार को ओवरटेक करते हुए पलटने से बच गई। कार की रफ्तार देख पुलिसकर्मी दौड़ते हुए बाहर निकले, लेकिन तब तक वह नजरों से ओझल हो चुकी थी।
विज्ञापन

डिवाइडर से टकराकर हवा में उछल गई कार

कुछ आगे राष्ट्रीय दृष्टिबाधितार्थ संस्थान (एनआईवीएच) के पास कार चालक नियंत्रण खो बैठा। बेलगाम कार पहले डिवाइडर के पोल से टकराई फिर हवा में उछलकर सड़क के दूसरी ओर पेड़ से भिड़ गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि कार के चारों टायर टूटकर निकल गए। पीछे बैठी एक युवती और एक महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि चालक और आगे बैठा दूसरा युवक घायल हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शव कब्जे में ले लिए। घायलों को मैक्स अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी पहचान आदित्य चौधरी (25) निवासी चमन विहार दून और आकाश अरोड़ा (25) निवासी बसई काशीपुर के तौर पर हुई। दोनों यूआईटी देहरादून में एमबीए के छात्र हैं।

नशे में धुत और 120 की रफ्तार

बताया जा रहा है कि कार आदित्य चौधरी चला रहा था। हादसे के वक्त कार की स्पीड 120 किमी प्रति घंटा होने की बात भी सामने आ रही है। हादसे में मारी गई युवती की पहचान मेहरुन्निसा (20) निवासी राजेंद्र नगर दिल्ली और महिला की शिनाख्त कैथलीन अल्बर्ट (46) पत्नी सुनील अल्बर्ट निवासी टीएचडीसी कालोनी पटेलनगर के तौर पर हुई।

एसओ राजपुर राजपुर राजेश शाह ने बताया कि जांच की जा रही है कि चारों कहां जा रहे थे और युवती, महिला का दोनों छात्रों से क्या संबंध था। बताया कि दोनों युवक नशे में थे।

एक के पिता डॉक्टर, दूसरे के बाबू
हादसे में घायल छात्र आकाश अरोड़ा के पिता अशोक अरोड़ा काशीपुर में चिकित्सक हैं। आकाश जाखन स्थित दून अपार्टमेंट में रह रहा है। दूसरी ओर आदित्य के पिता राजेंद्र सिंह चौधरी आबकारी विभाग में क्लर्क हैं। डस्टर कार आदित्य की ही बताई गई है।
विज्ञापन

रात में पार्टी कर लौट रहे थे चारो

पुलिस की प्राथमिक जांच में मालूम हुआ है कि चारों सहस्त्रधारा स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित पार्टी में शामिल होने गए थे। देर रात वे इस पार्टी से ही घर लौट रहे थे।

मेहरुन्निसा की सगाई दून में
दिल्ली निवासी मेहरुन्निसा की शादी दून में ही होनी थी। नालापानी निवासी फिरोज अहमद उर्फ सोहेल से सात माह पूर्व उसकी सगाई हुई थी। सोहेल ने शव की शिनाख्त करते हुए बताया कि मेहरुन्निसा दिल्ली में एक निजी कंपनी में कार्यरत थी। छुट्टी पर चार दिन पूर्व उनके घर आई थी। बुधवार रात आंटी (कैथलीन) के साथ एक पार्टी में शामिल होने के लिए गई थी।

कैथलीन को बेटी ने पहचाना
कैथलीन की पहचान उसकी बेटी आयुषी ने की। बताया कि पिता का पहले ही निधन हो चुका है। अब परिवार में आयुषी और दो भाई-बहन रह गए हैं। आयुषी ने बताया कि कैथलीन ने हाल ही में उसकी सगाई की थी और अब शादी की तैयारी में जुटी थी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें