नाबालिग किशोरी के अपहरण के विरोध में करीब पांच घंटे तक छावनी बाजार बंद रहा। रुद्र सेना के आह्वान पर शुक्रवार को चकराता के आधे दर्जन से अधिक खतों के सैकड़ों ग्रामीण बाजार में एकत्र हुए। सीओ विकासनगर और तहसीलदार ने लोगों को आरोपी पर की गई कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस-प्रशासन के आश्वासन पर दोपहर एक बजे बाजार को खोलने का निर्णय लिया गया।
चकराता स्थित छावनी बाजार में आम दिनों में सुबह आठ बजे दुकानें खुल जाती हैं। शुक्रवार को अधिकांश दुकानें बंद रहीं। कुछ दुकानों को रुद्र सेना ने शांतिपूर्ण ढंग से बंद करवाया। इस दौरान मोहन खत, द्वार खत, बनगांव, जाड़ी, उपलगांव, सैली, बमटाड समेत आधे दर्जन से अधिक खतों के सैकड़ों ग्रामीण छावनी बाजार में एकत्र हो गए। स्थिति को भांप कर सीओ विकासनगर भाष्कर लाल शाह और तहसीलदार मनोहर अंजूवाल मौके पर पहुंचे। सीओ ने ग्रामीणों को बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। रुद्र सेना के संस्थापक राकेश उत्तराखंडी ने कहा कि जनजाति क्षेत्र में नियम कानून का उल्लंघन कर गैर समुदाय के लोगों के नाम भूमि दर्ज की जा रही है। बताया कि इसकी 37 शिकायत राजस्व विभाग को दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कहा कि क्षेत्र में फेरी करने वालों का भी सत्यापन होने चाहिए।
सीओ विकासनगर ने फेरी करने वालों के सत्यापन का आश्वासन दिया। तहसीलदार ने कहा दोबारा शिकायत देने पर वह जनजाति क्षेत्र की भूमि बाहर के व्यक्तियों के नाम दर्ज करने के मामले की जांच करेंगे। करीब एक बजे बाजार को खोलने में सर्वसम्मति बन गई। हालांकि, उसके बाद भी आधी दुकानें ही खुलीं।