लोक शिकायत निवारण के क्षेत्र में उत्कृष्ट, नवाचारपूर्ण और परिणामोन्मुख कार्य के लिए छावनी परिषद लंढौर को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित स्काॅच अवार्ड से सम्मानित किया गया है। छावनी को सम्मान मिलने से लोगों में खुशी है।
नई दिल्ली स्थित भारतीय पर्यावास केंद्र में आयोजित समारोह में छावनी परिषद की मुख्य अधिशासी अधिकारी अंकिता सिंह, कार्यालय अधीक्षक सिकंदर नौटियाल, अभियंता शशांक चौहान, कंप्यूटर प्रोग्रामर मयंक लखेड़ा ने पुरस्कार प्राप्त किया। छावनी परिषद को नागरिकों की समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के लिए यह अवार्ड दिया गया है। स्काॅच अवार्ड मिलने पर छावनी परिषद की मुख्य अधिशासी अधिकारी अंकिता सिंह ने महानिदेशक रक्षा संपदा एवं छावनी के स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छावनी परिषद का प्रयास है कि नागरिकों को समस्या का समय से निस्तारण किया जाए ताकि उन्हें दिक्कतों का सामना न करना पड़ा।