अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने आवेदन पत्रों में गलतियां सुधारने के लिए अभ्यर्थियों को अंतिम मौका दिया है। आवेदन पत्रों में त्रुटि सुधारने की तिथि 10 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई है। आयोग का कहना है कि अगर अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र में गलतियों को सही नहीं करते हैं तो वे स्वयं जिम्मेदार होंगे।
चयन आयोग सचिव संतोष बडोनी ने बताया कि 21 व 28 अक्टूबर को सहायक लेखाकार और कनिष्ठ सहायक पदों की लिखित परीक्षा प्रस्तावित है। एक अक्टूबर को आयोग ने विभिन्न पदों के लिए भरे गए ऑनलाइन आवेदन पत्रों की त्रुटियां सुधारने का अभ्यर्थियों को मौका दिया।
करीब दो लाख अभ्यर्थियों के त्रुटि सुधारने के लिए आवेदन पत्र आयोग की वेबसाइट
www.sssc.uk.gov.in पर उपलब्ध कराए गए। इसमें अंतिम दिन आठ अक्टूबर निर्धारित की गई थी।
लेकिन 10 हजार अभ्यर्थियों ने ही आवेदन पत्रों की त्रुटियों में सुधार किया है। इसे देखते हुए आयोग ने दो दिन का समय बढ़ा कर अभ्यर्थियों को आखिरी मौका दिया है। इसके बाद भी यदि कोई अभ्यर्थी त्रुटियों को ठीक नहीं करता है तो वे स्वयं जिम्मेदार होंगे।