उत्तराखंड के आयुर्वेदिक कॉलेजों में दाखिलें को अब मैनेजमेंट कोटे की सीटों के लिए निजी कॉलेज अलग से प्रवेश परीक्षा नहीं करा पाएंगे। सेंट्रल काउंसिल ऑफ इंडियन मेडिसिन(सीसीआईएम) ने राज्य में निजी आयुर्वेदिक कॉलेजों की प्रवेश परीक्षा पर तत्काल रोक लगा दी है। इस वजह से उत्तराखंड आयुर्वेद विवि ने 26 जून को होने वाली यूएपीएमटी परीक्षा की तिथि बढ़ाकर सात अगस्त कर दी है।
आयुर्वेद विवि की कार्यकारी परिषद की बैठक के मिनट्स सोमवार को जारी हुए। बैठक में बताया गया कि सीसीआईएम ने हाल ही में निजी आयुर्वेदिक कॉलेजों में प्रबंधन कोटे की सीटों पर दाखिले के लिए होने वाली अलग प्रवेश परीक्षा पर रोक लगा दी है। इन कॉलेजों में सरकारी कोटे के साथ ही प्रबंधन कोटे की सीटों पर भी अब केवल उत्तराखंड आयुष प्री मेडिकल टेस्ट(यूएपीएमटी) से ही दाखिले होंगे।
कुलपति की अध्यक्षता में हुई परिषद की बैठक में तय किया गया कि ऐसे छात्र, जिन्होंने निजी कॉलेजों की प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन किया था, उनके लिए यूएपीएमटी में आवेदन का मौका दिया जाएगा। इस वजह से 26 जून को होने वाली यूएपीएमटी परीक्षा को स्थगित कर इसकी नई तिथि सात अगस्त तय कर दी गई है।
नए फॉर्म भरने की प्रक्रिया ऑनलाइन शुरू होगी। 12 जुलाई तक भर सकते हैं। 18 जुलाई तक विवि को भेज सकते हैं। जो अभ्यर्थी पहले आवेदन कर चुके हैं, उन्हें दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं है। विवि अब नए सिरे से सभी छात्रों को एडमिट कार्ड जारी करेगा। यह वेबसाइट के अलावा स्पीड पोस्ट से भी भेजे जाएंगे।
हमने केंद्रीय मंत्री, सीसीआईएम, सचिव आयुष भारत सरकार से वार्ता कर फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि वह 25 जून के बाद विचार करेंगे। सचिव ने सीसीआईएम से रिप्रेजेंटशन मांगा था।
- डा. अश्वनी कांबोज, अध्यक्ष, एसोसिएशन ऑफ कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन
Published By : Nirmala Suyal