देहरादून। समाज कल्याण विभाग की ओर से 11 फरवरी को दिव्यांगों के लिए यूनिक डिसेबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) बनाने के लिए शिविर लगाया जाएगा। यहां आवश्यक दस्तावेज जमा करके यूडीआईडी बनाए जाएंगे। विभाग का यह पहला कैंप है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी हेमलता पांडेय ने बताया कि शिविर का आयोजन सर्वे चौक स्थित जिला समाज कल्याण कार्यालय में होगा। शिविर 11:30 बजे से शुरू होगा। जिन दिव्यांगों ने यूडीआईडी के लिए आवेदन नहीं किए हैं। वे कैंप में हिस्सा लेकर आवश्यक दस्तावेज जमा कर सकते हैं। विभागीय अधिकारी मौके पर ही आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करके उनके आवेदन करेंगे।
ये लाने होंगे आवश्यक दस्तावेज
-दिव्यांग प्रमाण-पत्र की मूल प्रति व एक फोटो स्टेट प्रति
-एक पासपोर्ट साइज फोटो
-आधार कार्ड की फोटोकॉपी
-मोबाइल फोन नंबर
सहायक उपकरण भी बांटे जाएंगे
अपर समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने कहा कि शिविर में दिव्यांगों को सहायक उपकरण भी बांटे जाएंगे। कहा कि चार व पांच जनवरी को भारत सरकार की योजना के तहत नगर निगम देहरादून में शिविर लगाया गया था। इसमें ट्राई-साइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, कान की मशीन, दृष्टिबाधितार्थ फोल्डिंग छड़ी, ब्रेलकिट, रोलेटर, कृत्रिम अंग का परीक्षण किया था। समाज कल्याण विभाग ने 156 लोगों की माप ली थी। इन चिह्नित लोगों को ही सहायक उपकरण दिए जाएंगे। अन्य लोगों को उपकरण का लाभ नहीं मिलेगा। पात्र लोग अपना आधार कार्ड या पहचान-पत्र लेकर आएं।