देहरादून। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में एडीबी की ओर से सीवर व पेयजल योजनाएं तैयार की जा रही हैं। विधानसभा क्षेत्र की बड़ी आबादी कैंट क्लेमेंटटाउन से जुड़ी है। इस योजनाओं का कैंट क्षेत्र को भी लाभ मिले इसके लिए धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने एडीबी अधिकारियों और कैंट बोर्ड सीईओ के साथ बैठक की।
एडीबी की ओर से धर्मपुर विधानसभा में 263 करोड़ रुपये की लागत से केदारपुर, मोथरोवाला, बंजारावाला में सीवर और पेयजल लाइन बिछाने का कार्य किया जाना है। इसकी डीपीआर तैयार हो रही है। मोथरोवालवा और बंजारावाला वार्ड की सीमाएं कैंट सीमा से मिलती है। कैंट की ओर से अपने क्षेत्र में सीवर और पेयजल लाइन बिछाने की योजना है। लिहाजा सरकार का पैसा भी बच जाए और कैंट क्षेत्र को भी एडीबी की ओर किए जाने वाले कार्य का लाभ मिल इसके लिए बैठक में विचार विमर्श किया गया।
बैठक में विधायक विनोद चमोली ने एडीबी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कैं ट क्षेत्र के जो क्षेत्र छूट रहे हैं, उन्हें भी डीपीआर में शामिल किया जाए। साथ ही उन्होंने डकोटा इंद्रपुरी में पेयजल योजना के लिए नए ओवरहेड टैंक और नलकूप लगाने केलिए योजना तैयार करने के निर्देश दिए। विधायक चमोली ने कहा कि कैंट से इसके लिए कैंट से एनओसी की जरूरत है। जो मिल जाएगी। कैंट के सीवर प्रोजेक्ट के लिए भी एडीबी एसटीपी से कनेक्टिविटी देने को तैयार हो गई है। विधायक ने एडीबी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि द्वितीय चरण में मोहब्बेवाला वार्ड, भारूवाला वार्ड, टर्नर रोड वार्ड में सीवर लाइन डालने की डीपीआर तैयार करें।
सीईओ अभिषेक राठौर ने कहा कि योजनाओं को लेकर जल्द ही एक और बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी कि कैंट बोर्ड कहां काम करेगा और एडीबी कहां। बैठक में बीजेपी नेता महेश पांडे, उपाध्यक्ष सुनील कुमार, तासिम अली, रामकिशन, मोहन जोशी, नरेंद्र रावत, यासीन आदि मौजूद रहे।