नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) पर कई राज्याें में उपद्रव के बाद उत्तराखंड में भी पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। खासतौर पर आज जुमे की नमाज के दौरान धर्मस्थलाें पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए। हालांकि देहरादून में शांति बनी रही।
वहीं हल्द्वानी में एनआरसी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कोर्ट में सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह को ज्ञापन सौंपा। टनकपुर में मुस्लिम युवाओं ने एनआरसी के विरोध में केंद्र सरकार का पुतला फूंका। चीता मोबाइल से लेकर पुलिस अधिकारी आज दिनभर देहरादून में भ्रमण पर रहे। संवेदनशील इलाकों में पीएसी तैनात की गई है। बृहस्पतिवार को एसएसपी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था की समीक्षा की।
पुलिस महानिदेशक अनिल कुमार रतूड़ी पहले ही पुलिस कप्तानाें को नागरिक संशोधन कानून को लेकर होने वाले विरोध प्रदर्शनों पर सतर्कता बरतने के निर्देश दे चुके हैं। बृहस्पतिवार को लखनऊ, दिल्ली और अहमदाबाद में हुए उपद्रव के बाद उत्तराखंड की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया है। खुफियातंत्र की आशंकाओं के मद्देनजर शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा प्रबंध किए गए।