गायब व्यापारी का शव नाले में मिलने से भड़के व्यापारियों ने आईएसबीटी क्षेत्र में बाजार बंद कर दिया है। दो दिनों से गायब चल रहे व्यापारी की लाश शुक्रवार को नाले से बरामद की हुई थी। जिसके बाद आईएसबीटी क्षेत्र में व्यापारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग तंत्र को जिम्मेदार ठहराते हुए जमकर हंगामा किया था।
देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र स्थित ब्राह्मणवाला निवासी चौधरी कुंवर सिंह चौहान (46) क्लेमेंटाउन मोड पर प्रोविजन स्टोर चलाते थे। 21 जुलाई की रात व्यापारी चौहान अचानक गायब हो गए थे। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लगा था। शुक्रवार को आईएसबीटी के पास खुले नाले में एक व्यक्ति की टांग दिखाई दी तो शव होने की खबर फैल गई।
पुलिस ने लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला। पानी में पड़े होने की वजह से शव फूल गया था। बाद में शव की पहचान कुंवर सिंह चौहान के रूप में हुई।
नाले में शव मिलने से व्यापारियों ने सांसद रमेश पोखरियाल निशंक के प्रतिनिधि महेश पांडेय के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों के खिलाफ हंगामा किया। विरोध स्वरूप शनिवार को व्यापारियों ने बाजार बंद करने की घोषणा की थी।