उत्तराखंड सरकार इन दिनों लोकलुभावन बजट की तैयारी में जुट गयी है। बजट सत्र छह फरवरी से बुलाया जाना है।
इस बार जल्द पेश होगा बजट
जबकि पिछला बजट 31 मई को पेश हुआ था। दस फरवरी से पंचायत चुनाव की आचार संहिता लागू होने के कारण सरकार इस बार बजट जल्द पेश करेगी।
लोकसभा चुनाव के चलते सरकार इसे आम आदमी का बजट बनाना चाहती है ताकि इसका लाभ चुनाव में उठाया जा सके। सरकार कुछ चीजों पर वैट घटाने से हटाने पर भी विचार कर रही है। पिछले बजट में भी कोई नया कर नहीं लगाया गया था।
मुख्य सचिव सुभाष कुमार केनिर्देश केबाद सभी विभागाध्यक्ष अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। पिछले बजट में की गई घोषणाओं पर कितना अमल हुआ इसकी सूचना भी मांगी गई है।
विशेष घोषणाएं भी
विभागों को ऐसी योजनाएं तैयार करने को कहा गया है जिसका जुड़ाव सीधे जनता से हो ताकि बजट में शामिल कर उनकी घोषणाएं की जा सकें। आपदा के चलते प्रभावित चार जिलों के लिए विशेष घोषणाएं भी बजट में शामिल की जा सकती हैं।
बजट में नई भर्ती और बेरोजगारों से जुड़ी कुछ योजनाओं की भी घोषणा संभव है। इन दिनों चल रहे विधानसभा के विशेष सत्र में सोमवार को लोकायुक्त बिल पेश किया जाना है जिस पर चर्चा के बाद उसे मान्यता दी जानी है।