तेज इंटरनेट इस्तेमाल करने वालों के लिए खुशखबरी। बीएसएनएल ने आम उपभोक्ताओं के लिए एफटीटीएच (फाइबर टू द होम) योजना की शुरुआत कर दी है।
इसके तहत उपभोक्ताओं को ऑप्टिकल फाइबर केबिल से नए ब्राडबैंड कनेक्शन दिए जाएंगे। उपभोक्ता नए कनेक्शन के साथ दो एमबी से 100 एमबीपीएस तक की स्पीड का मजा ले सकते हैं।
प्लान हुआ सस्ता
बीएसएनएल ने नए ब्राडबैंड कनेक्शन के किराए में कटौती की है। जिस 100 एमबीपीएस के लिए उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 50 हजार रुपये बतौर किराया खर्च करना पड़ता था, अब उसका किराया 18 हजार रुपये कर दिया गया है।
अब तक थी चार एमबीपीएस की स्पीड
अभी तक बीएसएनएल आम उपभोक्ताओं को लैंडलाइन वायर के जरिए ब्राडबैंड सेवाएं दे रहा था। इससे चार एमबीपीएस तक की स्पीड मिल रही थी।
2009 में बीएसएनएल ने रुड़की, हरिद्वार, देहरादून, ऊधम सिंह नगर और हल्द्वानी में ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाई थी। वर्ष 2013 में ऑप्टिकल फाइबर केबिल से बड़े संस्थानों को ब्राडबैंड कनेक्शन दिए गए।
मंहगा था प्लान
ऑप्टिकल फाइबर केबल से 100 एमबीपीएस का ब्राडबैंड कनेक्शन लेने पर संस्थानों को करीब पांच लाख रुपये सलाना खर्च करने पड़ते थे। इसलिए आम उपभोक्ताओं को इसका लाभ नहीं मिलता था।
आम उपभोक्ताओं को ध्यान में रखते हुए बीएसएनएल ने पिछले माह एफटीटीएच (फाइबर टू द होम) योजना शुरू की। इसके तहत उपभोक्ता दो एमबी से 100 एमबीपीएस स्पीड का कोई भी पैकेज ले सकते हैं।
अधिकारियों के मुताबिक एफटीटीएच पर 10 एमबीपीएस के ब्राडबैंड कनेक्शन लेने पर उपभोक्ता को 3,999 रुपये प्रति माह खर्च करने होंगे, जबकि पहले इसका शुल्क 14 हजार रुपये प्रतिमाह था।
संस्थानों को मिलेगी प्राथमिकता
एफटीटीएच के तहत कनेक्शन देने में शापिंग कांप्लेक्स और इंडस्ट्रीज को प्राथमिकता दी जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक ऑप्टिकल फाइबर कनेक्शन के लिए बुकिंग शुरू कर दी गई है।
रुड़की के लोग कनेक्शन के लिए रामनगर एक्सचेंज और सिविल लाइंस एक्सचेंज में बुकिंग करा सकते हैं। वहीं हरिद्वार के उपभोक्ता मायापुर और शिवालिक नगर एक्सचेंज में संपर्क कर सकते हैं।
कनेक्शन एक सुविधाएं पांच
एफटीटीएच के माध्यम से ब्राडबैंड की सुविधा तो मिलेगी, साथ ही उपभोक्ता लैंडलाइन फोन, फ्री फैक्स और स्वाइप मशीन भी चला सकेंगे। आने वाले दिनों टीवी का मजा भी एफटीटीएच के माध्यम से लिया जा सकेगा।